Site icon Asian News Service

लोकसभा चुनाव का दूसरा चरण: शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान

Spread the love

नयी दिल्ली: 26 अप्रैल (ए) लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 संसदीय सीटों पर शुक्रवार को शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता अरुण गोविल और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी आदि प्रमुख उम्मीदवार हैं।

उत्तर प्रदेश के मथुरा, राजस्थान के बांसवाड़ा और महाराष्ट्र के परभणी में कुछ गांवों के मतदाताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहा।

कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मतदान हुआ।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सर्वाधिक मतदान त्रिपुरा में दर्ज किया गया जहां शाम पांच बजे तक 77.53 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, उत्तर प्रदेश में सबसे कम 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदान समाप्त होने के बाद ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दूसरा चरण बहुत अच्छा रहा। आज देशभर में मतदान करने वालों का आभार। राजग को मिला बेजोड़ समर्थन विपक्ष को और अधिक निराश करने जा रहा है।’’

मोदी ने लिखा, ‘‘मतदाता राजग का सुशासन चाहते हैं। युवा और महिला मतदाता राजग को मजबूत समर्थन दे रहे हैं।’’

केरल की सभी 20 सीट, कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की 6 सीट, असम और बिहार की पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट तथा मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर शुक्रवार को मतदान हुआ।

इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता अरुण गोविल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी शामिल हैं, वहीं भाजपा सांसद हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार संसद में पहुंचने की कोशिश में मैदान में हैं।

केरल में पांच बजे तक 63.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि, राज्य में कुछ मतदान बूथ पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की खबरें भी आईं।

राज्य में मतदान के दौरान तीन बुजुर्ग मतदाताओं और एक मतदान एजेंट की मृत्यु की खबर है। पलक्कड, अलप्पुझा और मलप्पुरम में वोट डालने के बाद एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वहीं कोझिकोड में एक मतदान केंद्र पर बेहोश हुए एक एजेंट की बाद में मृत्यु हो गई।

त्रिपुरा पूर्वी लोकसभा सीट पर शाम पांच बजे तक 77.53 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि कुछ बूथ से शिकायतें मिलीं लेकिन उन पर तत्काल कार्रवाई की गई।

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चुनाव ड्यूटी पर तैनात मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी ‘सर्विस राइफल’ से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। राज्य में नक्सल प्रभावित तीन लोकसभा क्षेत्रों में तीन बजे तक 72.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कांकेर सीट पर बालोद जिले के सिवनी गांव में एक मतदान केंद्र को शादी के ‘मंडप’ की तरह सजाया गया था जहां परंपरागत वैवाहिक रीति-रिवाजों को प्रस्तुत किया गया।

मध्य प्रदेश में छह लोकसभा सीटों पर करीब 54.83 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

असम में पांच संसदीय क्षेत्रों में करीब 70.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कड़ी सुरक्षा के बीच मणिपुर में मतदान समाप्त होने तक 76.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कर्नाटक में 14 लोकसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक 63.90 प्रतिशत मतदान हुआ।

इस बीच, निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया मंच पर कथित रूप से एक वीडियो पोस्ट करने एवं धर्म के आधार पर वोट मांगने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तथा बेंगलुरु दक्षिण से पार्टी प्रत्याशी तेजस्वी सूर्या के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के सहयोग से 41 रोगियों को मतदान कराने में मदद प्रदान की।

महाराष्ट्र में आठ संसदीय क्षेत्रों में पांच बजे तक 53.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजस्थान में 13 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर लगभग 59.19 प्रतिशत मतदान हुआ।

उत्तर प्रदेश में आठ संसदीय क्षेत्रों में औसत 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

बिहार में पांच लोकसभा सीटों पर 93 लाख पात्र मतदाताओं में से 53.03 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पश्चिम बंगाल में 71.84 प्रतिशत और जम्मू कश्मीर में 67.90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

Exit mobile version