बारात लेकर लौट रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दुल्हन सहित पांच लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 11 जून (ए)।) जयपुर के पास बुधवार को सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों में नवविवाहित दुल्हन भी शामिल है।

रायसर के थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि यह हादसा सुबह लगभग सवा छह बजे रायसर इलाके में भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर राजमार्ग पर हुआ जब एक ट्रक और जीप की आमने सामने भिड़ंत हो गई।हादसे के बाद जीप के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह से गाड़ी में फंसे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि बड़ी जीप (तूफान) में बाराती सवार थे जो मध्य प्रदेश से लौट रहे थे। हादसे में दुल्हन सहित पांच लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।। दुर्घटना के बाद हाईवे पर भारी जाम लग गया और स्थानीय लोग घायलों की मदद में जुट गए।
हादसे में जिन पांच लोगों की मौत हुई, उनमें 18 वर्षीय दुल्हन भारती, निवासी मंडोली, शहडोल (मप्र) शामिल है। बाकी मृतकों में सीकर और झुंझुनूं के निवासी हैं।एडिशनल एसपी नारायण लाल तिवाड़ी ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। घायलों को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।