नयी दिल्ली: 14 दिसंबर (ए)
राहुल गांधी ने यहां रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आत्मविश्वास खत्म हो गया है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि उनकी ‘वोट चोरी’ पकड़ी गई है।और जल्द ही यह बात लोगों को भी पता चल जाएगी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार संविधान में लिखा है, और इस पर हमला करना अंबेडकर जी का अपमान है।
राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि गांधी जी और हिंदू विचारधारा में सत्य को सबसे जरूरी माना जाता है।
लेकिन, उन्होंने मोहन भागवत के अंडमान में दिए एक बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘विश्व सत्य को नहीं, शक्ति को देखता है।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘यह उनकी की विचारधारा है… मोहन भागवत कहते हैं- सत्य का कोई मतलब नहीं है, सत्ता जरूरी है।’ उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में इस वक्त इसी सत्य और असत्य की लड़ाई चल रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वे सत्य के पीछे खड़े होकर पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान भाजपा ने 10,000 रुपये दिए, लेकिन चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि सच और झूठ की इस लड़ाई में चुनाव आयोग भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।
राहुल गांधी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि नरेंद्र मोदी चुनाव आयोग को छूट देने के लिए नया कानून लाए हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस कानून को बदल देगी और चुनाव आयुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।