इंदौर: 24 मार्च (ए)
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि बड़गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए महिला ने आरोप लगाया है कि वह पेट दर्द की शिकायत पर तीन-चार महीने पहले स्थानीय चिकित्सक शाहिद उर्फ सईद खान के क्लीनिक में गई थी जिसने एक इंजेक्शन लगाकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं।इन वीडियो के आधार पर आरोपी डॉक्टर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। रविवार को आरोपी ने पीड़िता को बेलामोर स्थित एक फार्महाउस पर बुलाया, जहां उसके साथ पुनः दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय लोगों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी डॉक्टर के क्लिनिक, मेडिकल स्टोर और घर पर हमला बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने घर के सामान में आग लगा दी और पथराव किया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में महू कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने देर रात अम्बाचन्दन क्षेत्र से तीन आरोपियों मनीष पाटीदार, छोटू पाटीदार और सचिन पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया।