हरदोई: सात फरवरी (ए)
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के फतियापुर निवासी आदर्श अवस्थी (20) अपनी बहन मधु अवस्थी (23) तथा बावन चुंगी (हरदोई) निवासी कामिनी पाण्डेय के साथ मोटरसाइकिल से हरदोई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुरसा क्षेत्र के फार्म पुरवा के पास ढोलिया चौराहा के निकट हरदोई की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार एक डंपर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि हादसे के बाद डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।