गुरुग्राम: 20 फरवरी (ए)
अधिकारियों ने बताया कि बच्ची को उसका पड़ोसी उसके घर से बहला- फुसलाकर पास के एक गांव में ले गया था।अधिकारियों ने बताया पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को मोहम्मदपुर झरसा गांव में एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत बृहस्पतिवार को मिली। शिकायत में परिवार ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया।
अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 37 थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के एक घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बिहार निवासी आरोपी यहां कबाड़ बीनने का काम करता था।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, “पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि बृहस्पतिवार देर शाम वह बच्ची को सेक्टर 37 के एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां पहले उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर सबूत मिटाने के लिए गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आगे की पूछताछ जारी है।”