‘काला जादू’ के संदेह में एक महिला की गोली मारकर हत्या, शव को जलाया

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: छह फरवरी (ए)) झारखंड में ‘काला जादू’ करने के संदेह में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके बाद उसके शव को जला दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह हत्या एक फरवरी को रांची ज़िले के तमाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तलाडीह गाँव में हुई। जहां महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा एक छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल द्वारा इस हत्याकांड में शामिल अभियुक्तों में सोनाराम लोहरा (35), सोमा लोहरा (19), लखीचरण मुंडा (21), कालीचरण लोहरा (24), अमित लोहरा (24) और विष्णु महतो (21) को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृत महिला कथित तौर पर जादू-टोना किया करती थी. जिस कारण से सोनाराम लोहरा के दो बच्चों की मौत हो गई.  गिरफ्तार अपराधी सोनाराम लोहरा का मृत महिला एतवारी कुमारी से देवर-भाभी का रिश्ता था. पुलिस ने बताया कि हत्यारे सोनाराम लोहरा ने अपनी भाभी की हत्या करने में अपने साले अमित लोहरा की मदद ली थी. जिसने शूटर विष्णु महतो से डील पक्की कर ली. जिसमें विष्णु को 2 लाख रूपये दिए जाने थे. प्लानिंग के अनुसार अमित, विष्णु और बबलू एक साथ एतवारी कुमारी के घर पहुंचते हैं, जहां पहले से ही उसके घर सोनाराम (मृतका का देवर), सोमा और लखीचरण पहुंचे हुए थे. शूटर विष्णु महतो ने दहशत से भरी महिला पर बंदूक तानकर उसे शूट कर दिया. मौके पर ही महिला की मौत हो गई. इसके बाद भी सभी अपराधी नहीं थमे. कालीचरण लोहरा ने महिला के मृत शरीर को चूल्हे की आग में झोंक दिया. जिससे मामले को हत्याकांड से बदलकर दुर्घटना की सूरत दे दी जाए.अपराधियों के पास से पुलिस ने एक लोहे का देसी कट्टा, दो बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.