पालघर: सात जनवरी (ए)
कटकारी समुदाय से आने वाली महिला ने आरोप लगाया कि मई 2024 में उसे नासिक के एक व्यक्ति से जबरन शादी करने के लिए मजबूर किया गया था।
अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी व्यक्ति और उसकी मां ने कथित तौर पर दो बिचौलियों को तीन लाख रुपये दिए थे जिन्होंने युवती की तस्करी की और उसकी शादी करवा दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पति के परिवार ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और अक्सर उसके खिलाफ जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते थे। उसने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे समय पर भोजन नहीं दिया।
अधिकारी ने बताया कि बेटे के जन्म के बाद महिला जून 2025 में अपनी मां के घर लौट आई। उन्होंने बताया कि मामला छह जनवरी को तब सामने आया जब आरोपी ने उसके बच्चे को छीनने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस को बलपूर्वक हस्तक्षेप करना पड़ा।
निरीक्षक दत्तात्रेय बाजीराव किंद्रे ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत वाडा थाने में आरोपी, उसकी मां और दो बिचौलियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।