युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश मेरठ
Spread the love

मेरठ (उप्र): छह नवंबर (ए)) मेरठ जिले की लोहिया नगर पुलिस एवं स्वाट टीम की साझा कार्रवाई में जाकिर कालोनी में एक युवक की हत्या का राजफाश करते हुए पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट और पत्थर के टुकड़े बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार रात एक सघन अभियान के तहत थाना लोहिया नगर पुलिस ने बाजोट अंडरपास के पास से अरशद, आकिब, फैज, सादिक और अमन को गिरफ्तार किया। सभी अभियुक्त मेरठ के लोहियानगर और लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मामला अकील उर्फ टीटी की हत्या से संबंधित है, जिसके भाई कफील ने 26 अक्टूबर को जाकिर कॉलोनी में उसका शव मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच से पता चला कि 25 अक्टूबर की रात अकील और ये आरोपी जाकिर कॉलोनी में हरि नाम के एक व्यक्ति के खेत में एकत्र हुए थे, जहां उन्होंने शराब पी।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान किसी बात को लेकर बहस होने पर आरोपियों ने कथित तौर पर अकील पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो पत्थर और एक ईंट का टुकड़ा बरामद किया।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कई लोगों का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड है, जिनमें डकैती और हत्या के प्रयास के मामले शामिल हैं।आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।