व्हाइट हाउस ने अमेरिका में भारत से 330 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की दी जानकारी

राष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: 16 अक्टूबर (ए) व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को अमेरिका में ‘खरबों डॉलर’ के निवेश को सूचीबद्ध किया। इसमें भारत से 330 अरब डॉलर से अधिक का निवेश शामिल है। इसके साथ ही भारत अमेरिका के शीर्ष निवेशकों में शामिल हो गया है।

व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर लगातार दिखाई जा रही निवेश की इस सूची में आयोवा में एस्सार ग्रुप की मेसाबी मेटालिक्स द्वारा घोषित 15 अरब डॉलर का इस्पात संयंत्र भी शामिल है।

अमेरिका में निवेश करने वाले देशों की सूची में भारत की दो प्रविष्टियां हैं – एक में 310 अरब डॉलर और दूसरी में 20.5 अरब डॉलर दर्ज है।

व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”आराम से बैठिए और इस शुक्रवार अमेरिका में आ रहे खरबों डॉलर के सुखद प्रवाह का आनंद लीजिए।” इस मामले में सवालों पर व्हाइट हाउस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

मार्च में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि रिलायंस इंडस्ट्रीज टेक्सास के ब्राउनविले में एक तेल रिफाइनरी स्थापित करने के लिए 300 अरब डॉलर का निवेश कर रही है।

मई में सिलेक्टयूएसए इन्वेस्टमेंट समिट के मौके पर भारतीय उद्योग जगत ने अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर तक के निवेश की घोषणा की थी।