यूक्रेन के नौ क्षेत्रों पर रूसी हमले, लाखों घरों की बिजली गुल

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

कीव: 16 अक्टूबर (ए) यूक्रेन के नौ क्षेत्रों पर रूसी हमलों के कारण शुक्रवार को लाखों घरों की बिजली आपात रूप से काटनी पड़ी और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। रूस के आक्रमण में नागरिकों के हताहत होने की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

नागरिक ठिकानों पर हालिया हवाई हमले ऐसे समय हुए हैं, जब इस सप्ताह यूक्रेन और अमेरिका के बीच संबंधों में आई तल्खी से यह आशंका बढ़ गई है कि कड़ाके की सर्दी नजदीक आने के साथ रूस के बढ़ते हवाई हमलों का सामना करना यूक्रेन के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

सर्दी शुरू होने से पहले बिजली ग्रिड पर रूस की भारी बमबारी युद्ध के दौरान हर साल देखने को मिलती रही है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को गर्मी पैदा करने वाले उपकरणों और पानी की सुविधा से वंचित कर यूक्रेन की युद्ध जारी रखने की इच्छाशक्ति को कमजोर करना है। यूक्रेन के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रूस आने वाले महीनों में और हमले करने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों का भंडार जमा कर रहा है।

यूक्रेन ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा-संबंधी ठिकानों पर हमले रोकने के लिए लागू अल्पकालिक संघर्षविराम को समाप्त कर दिया। उसका कहना है कि मॉस्को ने इसका पालन नहीं किया, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम की मांग की थी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को यूरोपीय संघ के नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। ये नेता रूसी आक्रामकता और यूरोपीय महाद्वीप में मॉस्को की व्यापक योजनाओं को लेकर उनकी चिंताओं से सहमत हैं।

ब्रुसेल्स में बैठक कक्ष में प्रवेश करने पर नेताओं ने जेलेंस्की का तालियां बजाकर स्वागत किया.