Site icon Asian News Service

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को “ढिढोरची” बताया

Spread the love


लखनऊ, 05 दिसम्बर एएनएस। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि हवाई पुल बांधने में भाजपा का कोई सानी नहीं है। सरकार के चार वर्ष होने को हैं,किन्तु अभी तक जनता को कोई अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका है। फिर भी खोखली उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटे जा रहे हैं। ढिंढोरची सरकार इसे ही कहते हैं। उन्होंने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री की मानें तो प्रदेश में रोजगार जगह-जगह बिखरा हुआ है। जब लाकडाउन के हालात थे, रोजगार बंदिशों का शिकार था, फैक्ट्रियों में छंटनी हो रही थी और लोग अपनी जान बचाने को सिर पर गठरी लादे, मासूम बच्चों और गर्भवती महिलाओं के साथ पैदल रिक्शा, ठेलिया, साइकिल या किसी भी साधन से पलायन कर रहे थे, तब भी आपदा में अवसर का खूब बहाना चला। अभी हालात पूरी तरह ठीक नहीं हुए, फिर भी 1.9 करोड़ रोजगार के सृजन के दावे किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खुद सरकार के आंकड़ों पर ही विश्वास किया जाए तो शैक्षिक, मेडिकल और सरकारी विभागों में लाखों पद खाली हैं। नौकरियों में भर्ती पर विवाद थमते नहीं। परीक्षाएं शुरू होने से पहले पेपर लीक हो जाते है और परीक्षाओं के बाद आदालतों में मामले चले जाते हैं। गरीबों, किसानों के बेटे भुखमरी के शिकार हो रहे हैं। पढ़े लिखे नौजवानों के लिए नो वैकेंसी के सूचना पट्ट लग जाते हैं। सरकारी तौर पर निवेशकों के लिए सहूलियतों का पिटारा खोल दिया गया है, लेकिन यह खाली ही दिख रहा है। यूपी में फिल्मसिटी भी स्वयं मनोरंजन की वस्तु बन गई है। जनता को सिर्फ सन् 2022 का इंतजार है जब वह भाजपा नेताओं से उनके वादों का हिसाब लेगी।

Exit mobile version