
वाशिंगटन-दुबई,22 जुलाई(ए)। अमेरिका ने लगातार 11वीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर बमबारी की है। अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है। सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा, ” स्थानीय समयानुसार आज शाम 7 बजे (पूर्वी समय) ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला शुरू किया। यह लगातार 11वीं रात है।” अमेरिकी हमलों की ताजा शृंखला को देखते हुए तेहरान में वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस सिस्टम) को सक्रिय किया गया है।
उधर, ईरान भी पूरी तरह आक्रामक है। कुवैत ने कहा कि वह ईरानी ड्रोन हमलों से बचाव कर रहा है। एयर डिफेंस सिस्टम हमलों को रोक रहा है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स ने कहा कि कुवैत के अली अल सलेम बेस को निशाना बनाया गया है। वहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के खिलाफ लगातार 11वीं रात के सैन्य हमले किए। इस दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य अभियान केंद्रों, समुद्री क्षमताओं, विमान हैंगर, ड्रोन भंडारण सुविधाओं और सैन्य रसद ढांचे को निशाना बनाया। हमलों का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों के लिए पैदा हो रहे ईरानी खतरे को कम करना है। सेंटकॉम ने कहा, पिछले तीन महीनों में ईरान ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले 30 से अधिक व्यावसायिक जहाजों पर हमले किए हैं। इन अकारण हमलों ने सैकड़ों निर्दोष नाविकों की जान खतरे में डाली है। अमेरिका के हमलों की धमकियों के बीच ईरान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वह किसी भी दुश्मनी का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के पिकैक्स माउंटेन नाम के संदिग्ध परमाणु ठिकाने पर हमला करने की धमकी दी थी. इसके बाद ईरान की यह तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका का यह रवैया अंतरराष्ट्रीय कानूनों, संयुक्त राष्ट्र के नियमों और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रस्तावों का खुला उल्लंघन है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका असल में ईरान की वैज्ञानिक प्रगति और तकनीकी विकास से चिढ़ता है. ईरान ने साफ किया है कि उसकी परमाणु गतिविधियां पूरी तरह से IAEA के सामने घोषित हैं. पिकैक्स माउंटेन पर कोई भी परमाणु गतिविधि नहीं चल रही है. अमेरिका केवल हमले का झूठा बहाना बना रहा है. प्रवक्ता ने यह भी कहा कि ईरान की जनता पूरी तरह एकजुट है और अपने देश की संप्रभुता व राष्ट्रीय सुरक्षा पर होने वाले किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है.