जौनपुर (उप्र), 25 सितंबर (ए) जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में ‘यूनियन बैंक’ की एक शाखा के प्रबंधक ने कार में कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उसने कार से एक हथियार और एक सुसाइड नोट बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सुजानगंज के सराय पड़री स्थित यूनियन बैंक की शाखा के प्रबंधक दुर्गेश श्रीवास्तव (32) जौनपुर के भूपतपट्टी में परिवार के साथ रहते थे।
उन्होंने बताया कि श्रीवास्तव बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे कार से जौनपुर शहर जा रहे थे तथा बक्शा थाना क्षेत्र में द्वारिका ढाबा के पास वाराणसी-सुल्तानपुर राजमार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की चालक सीट पर दुर्गेश को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया।
पुलिस के अनुसार, श्रीवास्तव ने कथित रूप से स्वयं को गोली मार ली।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अंदर से बंद कार का शीशा तोड़कर श्रीवास्तव को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कार से मिले सुसाइड नोट में दुर्गेश ने अपनी मौत के लिए किसी अन्य को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
परिजनों ने बताया कि मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले दुर्गेश पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे।
