Site icon Asian News Service

दो सहेलियों को हुआ एक-दूजे से प्यार, घरवाले नहीं माने तो हुईं फरार, जेंडर बदलने की थी तैयारी,फिर—

Spread the love


लखनऊ, 25 सितम्बर (ए)। राजधानी पुलिस ने दो युवतियों को पकड़ा है जिनकी कहानी गजब की है। इनके बीच दोस्ती कब प्रेम संबंध में बदल गई इसका पता ही नहीं चला। युवतियों ने बताया कि हम एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे। परिवार वालों को इस बारे में बताया था। मगर, हमारी भावनाओं को किसी ने नहीं समझा। हमें अलग करने के जतन किए जाने लगा। कोई रास्ता नहीं बचा था, इसलिए घर छोड़ कर आ गए थे। हम अपनी मर्जी से जीना चाहते हैं। यह बात दिल्ली और हरियाणा से लखनऊ आने वाली युवतियों ने पुलिस को बताई। 
फिलहाल मानकनगर पुलिस ने दोनों युवतियों को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द किया है। दिल्ली मॉडल टाउन राजपुरा निवासी 19 वर्षीय युवती की दोस्ती हरियाणा कैथल निवासी युवती से थी। हमउम्र होने के कारण दोनों अधिकांश समय साथ बिताती थीं। इस बीच युवतियां एक दूसरे के प्रति आकर्षित हो गईं थीं। उनके बीच बन रहे रिश्ते से परिवार वाले खुश नहीं थे। दोनों को अलग करने के लिए कई प्रयास किए गए थे। 
इन सब से परेशान होकर युवतियां लखनऊ आ गईं थीं। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के मुताबिक दिल्ली से आने के बाद मानकनगर में सहेलियां किराए के मकान में रह रहीं थीं। यहां भी उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया था। कमरे से बाहर भी बहुत कम निकलती थीं। आस-पड़ोस में किसी से बात भी नहीं होती थी। दिल्ली और हरियाणा से लापता युवतियों के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 
इस बीच युवतियों के मोबाइल की लोकेशन लखनऊ में मिली। जिसके बाद दिल्ली मॉडल टाउन और हरियाणा की कैथल थाने की संयुक्त पुलिस टीम लखनऊ आई थी। टीम ने डीसीपी मध्य डॉ. ख्याति गर्ग से मदद मांगी थी। जिसके बाद सर्विलांस के जरिए युवतियों के मानकनगर में किराए के मकान में रहने का पता चला। इस आधार पर मानकनगर पुलिस के साथ दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने युवतियों को बरामद किया। 
मॉडल टाउन निवासी युवती के मुताबिक वह सहेली के प्यार में पड़ गई थी। साथ जिंदगी गुजारने का इरादा कर लिया था। घर वालों और दोस्तों से बचने के लिए वह लोग लखनऊ आ गए थे। घर से निकलते वक्त जमा पूंजी भी साथ ले ली थी। जिससे उनका खर्चा चल रहा था। दिल्ली निवासी युवती के मुताबिक वह लिंग परिवर्तन कराना चाहती थी। इसके लिए डॉक्टरों के संपर्क में थी। उसे उम्मीद थी कि लिंग परिवर्तन कराने के बाद वह सहेली के साथ सुखमय जीवन व्यतीत कर सकती है।

Exit mobile version