इंदौर (मध्यप्रदेश): 30 जुलाई (ए) इंदौर में अवैध रूप से संचालित एक वृद्धाश्रम में 14 वर्षीय लड़के द्वारा बुजुर्ग महिलाओं को डंडे से पीटने का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को इस आश्रय गृह को सील कर दिया और इसमें रह रहे 31 वरिष्ठ नागरिकों को अन्य संस्थाओं में भेजा गया। प्रशासन की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि वृद्धाश्रम संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) निधि वर्मा ने ‘ बताया कि 14 वर्षीय लड़के ने बाणगंगा थाना क्षेत्र के प्रेमाश्रय वृद्धाश्रम में बुधवार को बुजुर्ग महिलाओं को डंडे से पीटा था। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए वृद्धाश्रम की जांच की गई।
वर्मा ने बताया कि जांच में पता चला कि वृद्धाश्रम वर्ष 2022 से संचालित किया जा रहा है, लेकिन इसके संचालन के लिए आवश्यक कानूनी अनुमति नहीं पाई गई।
एसडीएम ने बताया, ‘‘वृद्धाश्रम का संचालन कर रही संस्था केवल सोसाइटी के रूप में पंजीकृत है, लेकिन उसके पास वृद्धाश्रम संचालित करने की अनुमति नहीं है। इसलिए वृद्धाश्रम को सील कर दिया गया है और संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।’’
वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान आश्रय गृह में 31 बुजुर्ग मिले जिन्हें सामाजिक न्याय विभाग के मान्यताप्राप्त वृद्धाश्रमों में स्थानांतरित कर दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि इनमें से तीन बीमार बुजुर्गों को एक सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
एसडीएम के अनुसार, बुजुर्गों की पिटाई करने वाले 14 वर्षीय लड़के के माता-पिता की मौत हो चुकी है और अनाथ लड़के को वृद्धाश्रम में बिना वैधानिक अधिकार के रखा गया था।
उन्होंने बताया कि लड़के को संरक्षण और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया गया है।
एसडीएम ने बताया कि सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वृद्धाश्रम के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
प्रशासन के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह आश्रय गृह शासकीय भूमि पर बने नगर निगम के भवन में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और जांच कराई जा रही है कि इसकी अनुमति किसने दी थी।
वृद्धाश्रम की संचालक नीलम दुबे ने दावा किया कि वीडियो में बुजुर्ग महिलाओं को डंडे से पीटता नजर आ रहा नाबालिग लड़का मानसिक रूप से परेशान है।
उन्होंने बताया, ‘‘यह लड़का पिछले एक साल से हमारे वृद्धाश्रम में रह रहा है। उसकी मां की पांच महीने पहले ब्रेन ट्यूमर से मृत्यु हो गई थी।’’
दुबे ने दावा किया कि वृद्धाश्रम की एक बुजुर्ग महिला ने बुधवार को लड़के के सिर पर पानी के टब से वार किया था जिसके बाद उसने डंडा उठाकर वृद्ध जनों से मारपीट शुरू कर दी।
