Site icon Asian News Service

निरंजन आर्य बने राजस्थान के नये मुख्य सचिव

Spread the love

जयपुर, एक नवंबर (ए) राजस्थान सरकार ने 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निरंजन आर्य को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।

आर्य, राजीव स्वरूप की जगह लेंगे जो केवल चार महीने तक मुख्य सचिव रहे। स्वरूप को केंद्र से अपने सेवा विस्तार का इंतजार था और शनिवार को इस बारे में अटकलें जारी रहीं कि उन्हें सेवा विस्तार मिल जाएगा। हालांकि देर रात राज्य सरकार ने उन्हें पदमुक्त करते हुए आर्य को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया।

राज्य के कार्मिक विभाग ने देर रात 21 आईएएस अधिकारियों के तबादले या उनके पदनाम में बदलाव का एक आदेश जारी किया। इसमें आर्य को मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने की घोषणा भी शामिल है।

आर्य राज्य में आईएएस अधिकारियों की वरिष्ठता सूची में 11वें स्थान पर हैं। वह अनुसूचित जाति वर्ग से इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पहले आईएएस अधिकारी हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पिछली सरकार में वह गहलोत के सचिव थे। उनकी पत्नी संगीता आर्य 2013 में सोजत से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। संगीता आर्य को हाल ही में राजस्थान लोक सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है।

वहीं तबादला सूची में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वीनू गुप्ता को राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल का अध्यक्ष, सुबोध अग्रवाल को अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड का अध्यक्ष, राजेश्वर सिंह को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम का अध्यक्ष तथा अखिल अरोड़ा को प्रमुख सचिव वित्त बनाया गया है।

Exit mobile version