Site icon Asian News Service

पुलिस ने दो महिला पत्रकारों को हिरासत में लिया, फेक न्यूज फैलाने का केस

Spread the love

गुवाहाटी,14 नवम्बर (ए) । त्रिपुरा पुलिस के कहने पर असम पुलिस ने दो महिला पत्रकारों समृद्धि सकुनिया (21) और स्वर्णा झा (24) को हिरासत में लिया है। इनके खिलाफ त्रिपुरा के एक थाने में धार्मिक उन्माद पैदा करने के लिए फेक न्यूज फैलाने और आपराधिक साजिश का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया है। इस बीच, एडिटर्स गिल्ड ने दोनों पत्रकारों को रिहा करने की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियों का दावा है कि वे पत्रकार हैं, हालांकि दोनों किसी भी मीडिया हाउस से जुड़ा उचित पहचान पत्र नहीं दिखा पाईं। इनमें से एक युवती ने खुद को ओडिशा के झारसुगुडा की और दूसरी ने दल्लिी की रोहिणी निवासी बताया है। इन्हें उस समय पकड़ा गया जब वे किराये के वाहन से गुवाहाटी जाने का प्रयास कर रही थीं। इन्हें असम के करीमगंज जिले में हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि सुबह-सुबह उन्हें धार्मिक उन्माद फैलाने की धारा 153-ए के तहत नोटिस दिया गया था और धर्मनगर के एक होटल में आपराधिक साजिश रचने को लेकर गोमती नगर जिले के काकराबन थाने में दर्ज मामले में बयान दर्ज कराने को कहा था।  

पुलिस ने बताया कि यात्रा के दौरान ओडिशा की समृद्धि के. सकुनिया और दिल्ली की स्वर्णा झा ने अगरतला जाने की बजाय गुवाहाटी की ओर अपना मार्ग बदल दिया और सुरक्षा निगरानी से बचने के लिए चुरैबाड़ी में अंतरराज्यीय सीमा पार की। पुलिस को जब उनकी गतिविधि के बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने असम के अपने समकक्ष अधिकारियों को अलर्ट कर दिया और असम पुलिस ने उन्हें राजमार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नया मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है।  

Exit mobile version