नयी दिल्ली: एक अक्टूबर (ए) डीजल की खुदरा एवं थोक कीमतों में बड़े अंतर के कारण निजी पेट्रोल पंप पर बढ़ी मांग के बीच सरकार ने ईंधन बिक्री पर किसी भी तरह की सीमा लगाने पर ऐतराज जताया है। पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसी को भी पेट्रोल-डीजल की बिक्री सीमित करने की अनुमति नहीं है।
मित्तल ने डीजल की बिक्री पर सीमा लगाए जाने की खबरों पर संवाददाताओं से कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता और इस मामले में सरकार के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब जियो-बीपी और नायरा एनर्जी ने अपने कुछ पेट्रोल पंप पर डीजल की खरीद सीमित कर दी है। खुदरा और थोक डीजल की कीमतों में अंतर बढ़ने से कारखानों, दूरसंचार कंपनियों, होटल, अस्पताल और अन्य बड़े उपभोक्ता खुदरा पंप से अपेक्षाकृत सस्ता डीजल खरीदने लगे हैं।
मित्तल ने कहा, ‘‘किसी को भी ईंधन की बिक्री सीमित करने की अनुमति नहीं है। यह स्वीकार्य नहीं है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी निजी कंपनियों को ईंधन की बिक्री सीमित करने के संबंध में पत्र और निर्देश दे चुकी है तथा सरकार के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
डीजल की खुदरा और थोक कीमतों में अंतर करीब 50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इससे कुछ औद्योगिक उपभोक्ता खुदरा पंप से एक बार में 400-600 लीटर तक डीजल खरीद रहे हैं। इससे कुछ पेट्रोल पंप के भंडार पर दबाव बढ़ रहा है, जबकि उनकी भंडारण क्षमता सीमित होती है और दोबारा आपूर्ति में कुछ दिन लग सकते हैं।
ऐसी स्थिति में जियो-बीपी ने कुछ पंप पर एक ग्राहक को प्रतिदिन अधिकतम 50 लीटर डीजल खरीदने की सीमा लगाई है, जबकि नायरा एनर्जी के पंप पर यह सीमा 70 से 200 लीटर के बीच है।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस संबंध में कहा कि मंत्रालय निजी ईंधन कंपनियों के संपर्क में है। हालांकि, उन्होंने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।
खुदरा पेट्रोल और डीजल की कीमतें मई से स्थिर हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसके विपरीत, औद्योगिक और अन्य थोक उपभोक्ताओं से लिए जाने वाले ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार दरों से अधिक निकटता से जुड़ी होने के कारण तेजी से बढ़ी हैं।
जियो-बीपी ने हाल में कहा था कि उसके सभी पेट्रोल पंप चालू हैं और वहां पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। उसने कहा था कि मौजूदा मांग को देखते हुए वह परिवहन और अन्य जरूरतों के लिए ईंधन की समान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठा रही है।
नायरा एनर्जी ने भी कहा है कि वह अपने 7,000 से अधिक डीलर स्टेशन और अन्य माध्यमों के लिए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान दे रही है।
हालांकि, कंपनियों के जवाब में खरीद सीमा लगाए जाने के बारे में सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा गया।
