Site icon Asian News Service

भाजपा की मणिपुर इकाई ने पार्टी प्रमुख नड्डा को लिखा पत्र

Spread the love

इंफाल, 30 सितंबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मणिपुर इकाई ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से कहा है कि लोगों में आक्रोश है क्योंकि राज्य सरकार अब तक जातीय संघर्ष को रोकने में विफल रही है।.

पार्टी की राज्य इकाई की अध्यक्ष शारदा देवी, उपाध्यक्ष चौधरी चिदानंद सिंह और छह अन्य लोगों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र में नड्डा को बताया गया है कि ‘‘जनता का गुस्सा और विरोध अब तीव्र हो रहा है, जिससे लंबे समय से जारी अशांति के लिए सरकार की विफलता को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।’’.नेताओं ने विस्थापित लोगों को उनके ‘‘मूल निवास स्थान’’ पर तत्काल फिर से बसाने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि हमारी सरकार राज्य में सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए दिन-रात काम कर रही है और ‘‘राज्य स्तर पर हमारी पार्टी भी स्थिति से निपटने में एक प्रमुख महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।’’

पार्टी ने ‘‘राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात के निर्बाध संचालन’’ को तत्काल बहाल करने सहित लोगों की विभिन्न मांगों पर भी प्रकाश डाला।

राज्य इकाई ने उन लोगों को मुआवजा प्रदान करने का भी आह्वान किया जिनके घर नष्ट हो गए थे। उसने जातीय संघर्ष में मारे गए लोगों के परिवारों को अनुग्रह राशि देने का भी अनुरोध किया।

Exit mobile version