Site icon Asian News Service

महाराष्ट्र में अलीबाग तक पहुंचा मॉनसून, 48 घंटे में मुंबई में दे सकता है दस्तक: आईएमडी

Spread the love

मुंबई, 24 जून (ए) मॉनसून महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग तक पहुंच चुका है और इसके अगले 48 घंटे में आगे बढ़ने तथा मुंबई में दस्तक देने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी।.

मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में दिन में हल्की बारिश हुई। हालांकि, मुंबई में मॉनसून का आगमन आमतौर पर 11 जून को हो जाता है।.

आईएमडी ने कहा, ‘‘दक्षिणपश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, हरियाणा, जम्मू कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ गया है।’’

इसमें कहा गया है कि ‘मॉनसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम)’ अब अलीबाग, सोलापुर, उदगीर, नागपुर (महाराष्ट्र में), मंडला, सोनभद्र, बक्सर, सिद्धार्थनगर, पंतनगर, बिजनौर, यमुनानगर, ऊना और द्रास से होकर गुजर रही है।

आईएमडी ने कहा कि अगले दो दिनों में, मुंबई सहित महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार के शेष हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख, चंडीगढ़, हरियाणा के कुछ और हिस्सों, दिल्ली, गुजरात के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

Exit mobile version