Site icon Asian News Service

मेरठ में बेटे ने पिता को गोली मारी, मौत

Spread the love

मेरठ, सात मार्च (ए)। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में शनिवार रात एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और पुलिस पर भी गोलीबारी की, बाद में आरोपी को पकड़ लिया गया।

एसएसपी अजय साहनी ने बताया, ‘‘सर्राफा व्यवयासी विनोद कुमार वर्मा की उनके बेटे किशन ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को घर के कमरे में बंद कर लिया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।’’

थाना ब्रह्मपुरी पुलिस के अनुसार विनोद कुमार वर्मा (65) परिजनों के साथ ब्रह्मपुरी में रहते थे। उनकी विनोद कुमार एंड संस के नाम से दुकान है। दुकान पर बड़ा बेटा किशन वर्मा भी बैठता है।

शनिवार रात पौने नौ बजे विनोद और किशन में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान किशन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पिता को गोली मार दी। परिजन विनोद को तत्काल केएमसी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version