सहायक कलक्टर का संविदाकर्मी वाहन चालक रिश्वत लेते गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 18 अगस्त (ए) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर में सहायक कलेक्टर के संविदाकर्मी वाहन चालक को 25,000 रुपये की कथित रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि एसीबी की टीम ने आरोपी गजेंद्र सिंह को सोमवार रात पकड़ा।आरोपी ने परिवादी से भूमि बंटवारे से जुड़े प्रकरण में दोबारा कुरेजात रिपोर्ट के आदेश करवाने के एवज में रिश्वत मांगी थी।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी के चाचा का भूमि बंटवारे से संबंधित प्रकरण सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट मुंडावर के न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार से कुरेजात रिपोर्ट मांगी गई थी। परिवादी ने रिपोर्ट को अस्वीकार कर मौके के अनुसार नई रिपोर्ट मंगवाने के लिए 17 जुलाई को प्रार्थना पत्र दिया था।

कार्रवाई नहीं होने पर 14 अगस्त को परिवादी सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट मनीष जाटव से मिला। आरोप है कि उन्होंने उसे अपने वाहन चालक गजेन्द्र सिंह से बात करने को कहा। इसके बाद गजेन्द्र ने 50 हजार रुपए देने पर दोबारा कुरेजात रिपोर्ट के आदेश करवाने की बात कही।

शिकायत के सत्यापन के दौरान गजेन्द्र ने सहायक कलक्टर के लिए 50 हजार और खुद के लिए 5 हजार रुपए मांगना स्वीकार किया। सत्यापन के दौरान वह परिवादी से 15 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। मांग की पुष्टि के बाद एसीबी ने उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई कर गजेन्द्र को 25 हजार रुपए लेते गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की ओर से आरोपी से पूछताछ जारी है।