पटना: 18 अगस्त (ए) बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में सोमवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में किसान कॉलोनी के सामने एक ताड़ के पेड़ के पास हुई।
शहर के पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकेत कुमार ने बताया, “सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि किसान कॉलोनी के सामने ताड़ के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान फुलवारी शरीफ के करौरीचक निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है।”
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है तथा जिला खुफिया इकाई (डीआईयू) को भी जांच में लगाया गया है।
कुमार ने कहा, “प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि उसकी मौत गोली लगने से हुई।”
उन्होंने बताया कि मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दानापुर-एक के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
