स्ट्रेचर पर लेटे मरीज को खुलेआम अस्पताल से बाहर ले गईं दो महिलाएं, सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना

इंदौर मध्य प्रदेश
Spread the love

इंदौर (मध्यप्रदेश): 17 फरवरी (ए) इंदौर में स्ट्रेचर पर लेटे एक मरीज को दो महिलाओं द्वारा शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाईएच) से खुलेआम बाहर ले जाए जाने के मामले में एक निजी सुरक्षा एजेंसी पर मंगलवार को 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक अभी पता नहीं चल सका है कि घटना कब की है और अस्पताल से किस मरीज को बाहर ले जाया गया।वायरल वीडियो में महिलाएं मरीज को स्ट्रेचर पर धकेल कर डेंटल हॉस्पिटल से एम वाय परिसर में ले जाते हुए दिखाई दीं। इस घटना का वीडियो किसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कई लोगों ने दावा किया कि मरीज को एमवाय अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। अस्पताल के सुप्रीटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने कहा कि यह जांच की जा रही है कि मरीज को वास्तव में अस्पताल में लाया गया था या नहीं। डॉ. यादव ने यह भी कहा कि क्या उस समय एंबुलेंस उपलब्ध थी या नहीं, और मरीज को एंबुलेंस क्यों नहीं मिली, इसकी भी जांच की जाएगी।उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।