
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि वियतनाम में हुई उस दुखद घटना के बारे में जानकर उन्हें बहुत दुख हुआ, जिसमें तमिलनाडु के लोगों समेत कई भारतीय पर्यटकों की जान चली गई।
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 21 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने इन सभी 15 मृतकों की लिस्ट जारी की है। शनिवार शाम को वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी की गई लिस्ट के अनुसार, इस हादसे में सबसे ज्यादा मृतकों की संख्या तमिलनाडु से है। तमिलनाडु के 10 नागरिकों की मौत हो गई है। जबकि मृतकों में तीन आंध्र प्रदेश के व दो नागरिक केरल के हैं।दूतावास की ओर से जारी सूची के अनुसार, मृतकों में सेंथिल कुमार जयावेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, संतोष कुमार शांतीलालजैन, बाबू कुप्पुस्वामी, अलागुराजन सिवासामी (सभी तमिलनाडु), नल्लापेटा आदिसेशैया रवितेजा, श्रीधर मुदियम और जया लक्ष्मी गेल्ली (आंध्र प्रदेश), तथा एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस (केरल) शामिल हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘हमें बहुत दुख के साथ उन 15 भारतीय नागरिकों की लिस्ट बतानी पड़ रही है, जिनकी आज फुच क्वोक द्वीप के पास नाव दुर्घटना में मौत हो गई। यह सूची वियतनाम के अधिकारियों से मिली है। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। हो ची मिन्ह सिटी में दूतावास और वाणिज्य दूतावास किसी भी तरह की मदद के लिए उपलब्ध हैं।