मॉल की लिफ्ट में 35 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, घबराहट से किशोरी बेहोश

उत्तर प्रदेश बरेली
Spread the love

बरेली (उप्र): 22 जून (ए) बरेली जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट रविवार रात करीब 10 बजे बिजली गुल होने से अटक गई, जिससे 13 लोग करीब 35 मिनट तक फंसे रहे और एक किशोरी बेहोश हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और उमस में 13 लोग करीब 35 मिनट तक अंदर फंसे रहे। इस दौरान घबराहट के कारण बिहारीपुर निवासी शालिनी (17) बेहोश हो गई।

पुलिस के अनुसार, लिफ्ट में तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 लोग सवार थे। मूवी फ्लोर और सेकंड फ्लोर से होते हुए लिफ्ट फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचने वाली थी, तभी बिजली चली गई। अंदर फंसे लोगों ने पहले मदद के लिए आवाज लगाई। उन्होंने सुरक्षा प्रभारी को 8-10 बार कॉल किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। शालिनी के बेहोश होते ही अंदर मौजूद युवकों ने लिफ्ट का गेट तोड़ना शुरू किया। बाहर से फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद लोगों और मॉल कर्मियों ने भी मदद की। करीब 30-35 मिनट बाद गेट तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के बयान दर्ज किए हैं और कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (प्रथम) आशुतोष शिवम के अनुसार, सूचना पर चौकी चौराहा पुलिस भेजी गई थी, लेकिन तब तक लोग बाहर आ चुके थे।

मॉल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चालू होने से पहले ही अंदर किसी ने गेट पर लात मार दी, जिससे सेंसर ने काम करना बंद कर दिया। रविवार को बड़ी संख्या में लोग सिनेमा देखने और घूमने मॉल पहुंचे थे।