चंदौली: नौ अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शाहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय लड़की से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि इस मामले में एक नाबालिग समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी शनिवार देर शाम अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान गांव के दो युवक उसके पास पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसे पैसे देने का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर घर के पास स्थित टीनशेड की ओर ले गए।तहरीर के मुताबिक, टीनशेड के पास दोनों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान किशोरी के घर के किसी सदस्य की नजर वहां पड़ गई। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद किशोरी घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन किशोरी को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहाबगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया।थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
