नयी दिल्ली: छह अक्टूबर (ए)। राष्ट्रीय राजधानी में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद आकाशवाणी भवन परिसर के भीतर आठ घंटे से अधिक समय तक चले धरने के बाद मंगलवार रात दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत लगभग 250 लोगों को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा समेत पचास सांसदो को पुलिस ने करीब आठ घंटे बाद धरना स्थल, आकाशवाणी भवन परिसर से हिरासत में ले लिया।दिल्ली पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, राहुल-प्रियंका समेत 50 सांसदों और करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सभी लोगों को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है।
चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेता आकाशवाणी परिसर में मंगलवार दोपहर से ही धरने पर बैठे थे।प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को आकाशवाणी भवन के पास पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद पुलिस राहुल गांधी को एक वाहन में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से ले गई। इस दौरान वहां कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।राहुल गांधी पुलिस वाहन से बाहर निकलने की कोशिश करते भी दिखाई दिए। उन्होंने वाहन की खिड़की से बाहर आने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान प्रियंका गांधी भी राहुल गांधी के साथ उसी पुलिस वाहन में जाने की कोशिश करती नजर आईं, लेकिन पुलिस ने उन्हें वाहन में प्रवेश नहीं करने दिया।कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े सवालों पर उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। हिरासत में लिए गए नेताओं को पुलिस वाहन से दूसरी जगह ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
