कोल्लम: 18 नवंबर (ए) केरलम में कोल्लम जिले के कोट्टियम के एक निजी स्कूल के 62 विद्यार्थियों को एक निकटवर्ती ‘तारकोल-मिश्रण’ संयंत्र से फैल रहे कथित प्रदूषण से सांस लेने में तकलीफ, खुजली और अन्य समस्याएं होने पर बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 12वीं कक्षा तक के इन बच्चों ने स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत की जिसके बाद उन्हें एक एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘कई बच्चों ने मिचली और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। उनमें से किसी को भी कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है।’’
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित विद्यार्थियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाने के वास्ते कम से कम आठ एम्बुलेंस लगायी गयीं।
इस घटना ने स्कूल के पास स्थित ‘कोलतार-मिश्रण’ संयंत्र के संचालन को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासियों की ओर से प्रदूषण की शिकायतें मिलने के बाद, इस संयंत्र को पहले ही बंद कर दिया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘इकाई के प्रबंधन की याचिका पर उच्च न्यायालय ने इसके कामकाज पर लगी रोक हटा दी, जिसके बाद इसे फिर से खोल दिया गया।’’
पंचायत प्रशासन ने पहले इस संयंत्र को काम रोकने का नोटिस जारी किया था। स्थानीय लोगों का दावा है कि अदालत से अनुमति मिलने के बाद संयंत्र का कामकाज फिर से शुरू हो गया।
उन्होंने बताया कि संयंत्र का कामकाज चालू होने के बाद विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें सामने आईं।
इस घटना के बाद पुलिस और पंचायत अधिकारियों ने मामले में दखल दिया है।
