मैनपुरी (उप्र): 28 मई (ए)
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार शाम हुए इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 105 वर्षीय रमा देवी और आठ वर्षीय प्रांशी के रूप में हुई। परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
सिंह ने बताया कि रूपपुर भरतपुर गांव के निवासी उमेश अपनी मां रमा देवी, बेटी प्रांशी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार शाम बेवार में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार सचिन चला रहा था।
ऐलाऊ थाना क्षेत्र में कुसमारा रोड पर अचानक कार का पिछला टायर फट गया। इससे ड्राइवर का नियंत्रण हट गया और कार सड़क पर लुढ़कते हुए किनारे खाई में जा गिरी।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रमा देवी और प्रांशी को मृत घोषित कर दिया। बाकी छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसलिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया।