वायुसेना प्रमुख दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने लखनऊ में विज्ञान मेले का उद्घाटन किया

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ (उप्र): 13 नवंबर (ए) वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने यहां गोल्फ सिटी कैंपस स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में दो दिवसीय विज्ञान मेले का सोमवार को उद्घाटन किया।

शुक्ला ने अपने संबोधन में लखनऊ से अंतरिक्ष तक की यात्रा को याद किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, अध्यापकों और भारतीय वायुसेना को दिया। सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) के छात्र रहे शुक्ला ने कहा कि उनकी यात्रा लखनऊ में शुरू हुई जिसकी नींव उनके माता-पिता के मार्गदर्शन में घर में पड़ी जिसके बाद उनका दाखिला इस स्कूल में हुआ जहां उन्होंने वर्ष बिताए।

सहयोग के लिए अपनी पत्नी का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि सीएमएस ने उन्हें एक अकादमिक आधार से कहीं अधिक दिया, जबकि भारतीय वायुसेना ने उनके चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अंतरिक्ष में अपने अनुभवों को साझा करते हुए शुक्ला ने कहा कि सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण वाले वातावरण में पहुंचने के बाद जैसे ही उन्होंने अपनी पट्टियां खोलीं और खिड़की से पृथ्वी की ओर देखा, वह पल अनमोल था।

उन्होंने अपनी कक्षा 10 के दिनों की एक घटना भी साझा की जिसमें वह अपनी प्री-बोर्ड की सभी परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण हुए थे। वह साइकिल से वापस अपने घर जा रहे थे, तभी अपने गणित के अध्यापक को प्रतीक्षा करते हुए पाया।

उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष में समय रुक जाता है। इस तरह के क्षणों में भी समय रुक जाता है।”

शुक्ला ने उम्मीद जताई कि यह विज्ञान मेला एक ऐसी संस्कृति के निर्माण में मदद करेगा जिसमें बच्चे अपनी वैज्ञानिक परियोजनाएं प्रदर्शित करेंगे, अध्यापकों के साथ बातचीत करेंगे और उनमें उत्सुकता और कुछ नया करने की भावना पैदा होगी।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि इस संस्थान ने उनके भीतर निस्वार्थ सेवा की भावना पैदा की। दीक्षित भी इसी विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं।

अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए दीक्षित ने कहा कि समाज सेवा का पाठ और व्यक्ति का अस्तित्व बड़ी चीज के लिए होता है, इस विश्वास ने उन्हें सेना में जाने के लिए प्रेरित किया।

वर्ष 1971 में इस स्कूल में हुए विज्ञान मेले के एक वीडियो का संदर्भ देते हुए दीक्षित ने कहा कि विद्यार्थियों को उत्सुकता और नवप्रवर्तन की इस संस्थान की परंपरा को आगे ले जाते हुए देखकर उत्साह बढ़ता है।

अपने जीवन से पांच सीख साझा करते हुए, दीक्षित ने छात्रों से अपील की कि वे जिज्ञासु बने रहें, अपनी शैक्षणिक नींव मजबूत करें, अनुशासन और लगन का अभ्यास करें, टीम वर्क सीखें और मानवीय मूल्यों को बनाए रखते हुए तकनीक को अपनाएं।