जौनपुर,एक सितंबर (ए)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश एवं कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में दो सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। इस दौरान विद्यार्थी विद्यालय नहीं आएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर की ओर से जारी निर्देश के अनुसार यह आदेश सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं उत्तर प्रदेश बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा।
हालांकि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। सभी शिक्षक विद्यालय पहुंचकर अपार, यू-डायस समेत अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे। परिषदीय व परिषद द्वारा मान्यता/सहायता प्राप्त विद्यालयों में महिला शिक्षकों का हलषष्ठी (हरछठ/ललई छठ) का अवकाश रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
