ठाणे: 19 सितंबर (ए) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कल्याण में नजरअंदाज करने और अपने पास नहीं आने के चलते दो साल के बेटे को घर में पहले फर्श पर पटकने फिर गर्म प्लेट से उसका हाथ जलाने की क्रूरता करने को लेकर एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी राहुल सुरेश विसाले और उनकी पत्नी रोहिणी कल्याण पश्चिम के परनाका में रहते हैं तथा उनके बीच वैवाहिक विवाद चल रहा है और एक मामला अदालत भी पहुंच था।
बाजारपेठ थाने के अधिकारी ने बताया कि रोहिणी की शिकायत है कि 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे आरोपी को तब गुस्सा आ गया जब बच्चा उसके पास नहीं आया, ऐसे में विसाले ने उसे जमीन पर पटक दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘विसाले ने बच्चे का हाथ गर्म प्लेट पर दबा दिया, जिससे बच्चे की तीन उंगलियां जल गईं। जब रोहिणी ने अपने बच्चे को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। उसे झाड़ू से मारा गया।’’
अधिकारी ने कहा,‘‘इस दंपति के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा है और मामला अदालत भी पहुंच चुका था। हाल में अदालत ने रोहिणी को सलाह दी कि वह सुलह की कोशिश के लिए दो महीने अपने पति के साथ रहे। इन निर्देशों का पालन करते हुए, रोहिणी अपने माता-पिता का घर छोड़कर वापस परनाका स्थित अपने पति के घर चली गई थी।’’
अधिकारी ने बताया कि रोहिणी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनके पति के मन में पुराने झगड़ों को लेकर नाराजगी थी, जिसके कारण विसाले ने उनपर और उनके बच्चे पर बेरहमी से हमला किया।
उन्होंने बताया कि विसाले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय (बाल देखभाल और संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।
