Site icon Asian News Service

बदायूं गैंगरेप केस : पीड़िता के घर पहुंचेगी राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य, करेंगी जांच

Spread the love

लखनऊ,06 जनवरी एएनएस। यूपी के बदायूं जिले में महिला से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या के मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान में लिया है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि मैंने इसका तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि बदायूं प्रशासन को उनकी तरफ से एक चिट‌्ठी लिखने के साथ-साथ बुधवार को ही एक सदस्य बदायूं जा रही हैं। वे परिवार और पुलिस से मिलेंगी। देखेंगी कि महिला से गैंगरेप के मामले में कार्रवाई ठीक से हुई है या नहीं। अगर हुई है तो कितनी़? बदायूं में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य आने की खबर से पुलिस विभाग में खलबली मची है। हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पुजारी पुलिस की गिरफ्त से अब तक फरार है। दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक महिला की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या किए जाने के मामले को लेकर बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में खोट है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘हाथरस में सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया। बदायूं में थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया। महिला सुरक्षा पर उप्र सरकार की नीयत में खोट है।

Exit mobile version