सुलतानपुर (उप्र): 16 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में चांदा थाना क्षेत्र के घूरीपुर गांव में रविवार रात से लापता 19 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह सार्वजनिक शौचालय के पास एक खेत में बने छप्पर से बरामद किया गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (लम्भुआ) ऋतिक कपूर ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान घूरीपुर गांव निवासी अमन गौतम (19) पुत्र राम चरन के रूप में हुई है। वह रविवार रात करीब 11 बजे से लापता था। सोमवार सुबह उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर सार्वजनिक शौचालय के पास नेम दास के खेत में बने छप्पर में मिला। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।
परिजनों के अनुसार, अमन को पिछले तीन दिनों से फोन पर धमकियां मिल रही थीं। उसकी मां जानकी ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले बेटे को फोन पर धमकी दिए जाने की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि अमन गांव में एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था और धान से संबंधित काम भी करता था।
जानकी के मुताबिक, अमन का व्यवहार अच्छा था और वह किसी तरह का नशा नहीं करता था। उनके पति और बड़ा बेटा मुंबई में रहते हैं।
इस बीच, अमन के दादा संतोषी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
