कोटा: 28 फरवरी (ए)
खून बहने के बाद जब बच्ची घर पहुंची तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे कोटा के एक अन्य स्वास्थ्य केंद्र में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि वहां उसका इलाज चल रहा है।
कापरेन के पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर को उस समय हुई जब छात्रा अपने स्कूल में आठवीं की बोर्ड परीक्षा देने के बाद घर लौट रही थी। इस वारदात को लेकर पुलिस ने शनिवार को 15 वर्षीय पीड़िता के बयान दर्ज किए। साथ ही बताया कि जिन तीन युवकों की पहचान हुई है उनके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चे का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि, शुक्रवार दोपहर परीक्षा देने के बाद जब वह अपने स्कूल के गेट के बाहर खड़ी थी तभी तीन आरोपी उसके पास आए और उनमें से एक ने उसे पानी पीने की पेशकश की। पानी पीने के बाद वह कथित तौर पर बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे हिंगोलिया रोड पर कुछ दूरी तक ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया और मौके से फरार हो गए।डीएसपी के अनुसार वारदात के बाद लड़की को एक परिचित राहगीर उसकी नानी के घर ले गया, जहां उसने अपनी आपबीती बताई। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद लड़की के माता-पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे कोटा के जेके लोन अस्पताल में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार को लड़की का मेडिकल हुआ, जिसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।डीएसपी ने बताया कि नाबालिग के बयानों के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है।