न्यूयॉर्क: चार अक्टूबर (एपी) अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि खोज अभियान में मैसाचुसेट्स के नानटुकेट तट के पास समुद्र में एक ‘‘मलबा क्षेत्र’’ मिला है और यह मलबा उस एयर एम्बुलेंस का है, जिसमें छह लोग सवार थे और जो शनिवार को बर्मुडा से बोस्टन जाते समय अटलांटिक महासागर के ऊपर लापता हो गई थी।
तटरक्षक बल की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, विमान में कनाडा के चार नागरिक और बर्मुडा के दो लोग सवार थे। खोज अभियान जारी रहने के दौरान उनके निकटतम परिजनों को सूचना दे दी गई है। तटरक्षक बल ने बताया कि उसका एक गश्ती जहाज रातभर और रविवार तक समुद्र में खोज जारी रखेगा।
हवाई यातायात नियंत्रण से मिली बातचीत की रिकॉर्डिंग से संकेत मिलता है कि विमान में बिजली संबंधी समस्या आ गई थी और शनिवार तड़के उसके लापता होने से कुछ समय पहले उसके सामने एक तूफान आ गया था। ऐसी स्थिति में विमान संभवतः बिना उपकरणों की सहायता के उड़ान भर रहा था।
विमान के लापता होने से कुछ समय पहले हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से हुई बातचीत में पायलट ने बिजली की समस्या की जानकारी दी और आपात स्थिति बताई। बातचीत का यह ऑडियो एक वेबसाइट पर पोस्ट किया गया है, जिसमें नियंत्रक को पायलट से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, ‘‘ रोजर आपने कहा कि आप बिना किसी सहायता के अनुमान के आधार पर आ रहे हैं? क्या आपने यही कहा?’’
परिवहन विभाग की पूर्व इंस्पेक्टर जनरल एवं विमानन मामलों की वकील मैरी शियावो का मानना है कि विमान में लगे दिशा सूचक यंत्रों तथा अन्य उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया था। उसी वक्त रडार पर एक तूफान विमान के रास्ते में दिखाई दे रहा था।
उड़ानों से जुड़ी जानकारी साझा करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विमान लगभग 24,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और फिर अचानक करीब 10,000 फुट पर आ गया।
शियावो ने कहा कि इतनी तेजी से नीचे आने के पीछे कोई गंभीर समस्या हो सकती है और उसी वक्त विमान के रास्ते में बड़ा तूफान आ गया।
उनके अनुसार, यदि विमान के उपकरण काम न कर रहे हों और विमान तूफान में हो, तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। ऐसी परिस्थिति में पायलट को यह समझना भी मुश्किल हो सकता है कि विमान मुड़ रहा है, ऊपर जा रहा है या नीचे आ रहा है। इसे ‘स्पैटियल डिसओरिएंटेशन’ कहा जाता है।
बर्मुडा के एलएफ वाडे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से से उड़ान भरने वाला यह विमान कनाडा में पंजीकृत एयर एम्बुलेंस था। हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी ‘स्काईपोर्ट’ के अनुसार, विमान में चालक दल के चार सदस्य और दो यात्री, यानी कुल छह लोग सवार थे। विमान रात में बर्मुडा से मैसाचुसेट्स के लिए रवाना हुआ था।
कनाडा के परिवहन मंत्री स्टीवन मैकिनन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि विमान में सवार छह लोगों में से चार कनाडाई नागरिक थे। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और खोज एवं बचाव अभियान में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
अमेरिका का ‘नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड’ भी मामले की जानकारी जुटा रहा है। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह इस घटना की औपचारिक जांच करेगा या नहीं।
