Site icon Asian News Service

डिप्टी रेंजर और वन दरोगा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Spread the love

नोएडा, 24 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ इकाई ने वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर और एक वन दरोगा को शुक्रवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से रिश्वत के रूप में लिए गए आठ हजार रुपये नकद बरामद किये गये।.

इनकी गिरफ्तारी ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में स्थित वन विभाग के कार्यालय से हुई।.भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ इकाई के निरीक्षक राम सहाय यादव ने बताया कि बुलंदशहर के रहने वाले इसराइल ने संगठन को सूचना दी थी की जनपद बुलंदशहर के थाना ककोड़ अंतर्गत बादशाहपुर गांव क्षेत्र में उनके बेटे आबिद ने 10 नवंबर को एक पेड़ काट दिया था।

उन्होंने संगठन को बताया कि पेड़ काटने का आरोप लगाकर वन विभाग के लोग उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।

यादव ने बताया कि सूचना के आधार पर तुरंत एक टीम बनाई गई तथा शुक्रवार की शाम को कासना स्थित वन विभाग के कार्यालय से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ वन दरोगा अमित कुमार और डिप्टी रेंजर तालीम को गिरफ्तार किया गया। यह लोग पीड़ित से आठ हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने नोट में पाउडर लगाकर दिया था, जिससे दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कासना में मामला दर्ज कराया गया है। दोनों को शनिवार की सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version