बीड़ी को लेकर विवाद, दो लड़कों ने मजदूर की पीट-पीटकर हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

गुरुग्राम: 23 अक्टूबर (ए) हरियाणा के गुरुग्राम में बीड़ी देने से इनकार करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो लड़कों ने कथित तौर पर एक मजदूर की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश का रहने वाला मजदूर यहां काम के सिलसिले में रह रहा था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को डंडे से पीटे जाने के कारण उसके सिर में चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के मूल निवासी प्यारे लाल के रूप में हुई है। वह सुबह काम पर जा रहा था, तभी दो लोगों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि निहाल कॉलोनी में रहने वाले मजदूर प्यारे लाल का शव बृहस्पतिवार सुबह एक गली में खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम और अपराध स्थल जांच इकाई को भी मौके पर बुलाया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक नाबालिग है और छत्तीसगढ़ का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि संदिग्धों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वारदात की वजह और इसमें शामिल लोगों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार, बजघेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।