Site icon Asian News Service

किसान ट्रैक्टर परेड: यूपी के कई जिलों में सपा का जबरदस्त प्रदर्शन,सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार

Spread the love


लखनऊ, 26 जनवरी एएनएस। यूपी की राजधानी लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़,जौनपुर,देवरिया, मथुरा, कानपुर, लखीमपुरखीरी समेत यूपी के कई जिलों में किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रैक्टर रैली निकालने को लेकर पुलिस नोकझोंक हुई। कई नेताओं को नजर बंद किया गया। लखीमपुर में 150 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। लखनऊ की सदर, बीकेटी, मोहनलालगंज तहसील में ट्रैक्टर रैली व तिरंगा यात्रा निकाली। गोमतीनगर विस्तार सदर तहसील में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। 
लखनऊ की बीकेटी तहसील पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीतापुर हाईवे पर ट्रैक्टर रैली और तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम बीकेटी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को बीकेटी थाने ले आई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर हंगामा किया।
वहीं गोसाईगंज में सपा कार्यालय से पूर्व जिलाध्यक्ष आशिक अली, पूर्व चेयरमैन बृजेश यादव, पूर्व युवजन सभा अध्यक्ष राम समुज रावत के नेतृत्व में करीब 100 कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली, रैली गोसाईगंज से मोहनलालगंज के लिए आगे बढ़ी लेकिन खुजौली चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी नोकझोंक हुई। वहीं मोहनलालगंज में किसानों की ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने इजाजत नहीं दी। जिसके बाद किसानों ने पैदल मार्च निकाला। वहीं सरोजनीनगर विधानसभा में भी सपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली। इसी तरह कई जिलों में नेताओं की गिरफ्तारी हुई है जहाँ सपा ने ट्रैक्टर रैली निकाली।

Exit mobile version