छठ पूजा और बिहार की महिलाओं पर ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी के मामले में प्राथमिकी दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 26 नवंबर (ए) दिल्ली पुलिस ने बिहार की महिलाओं तथा छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में साकेत थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।

‘स्टैंड-अप कॉमेडी’ कार्यक्रम को लेकर एक शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। इस कार्यक्रम में यश माहेश्वरी ने प्रस्तुति थी।

शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर को साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ये आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना), 196 (धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर वैमनस्य को बढ़ावा देना), 296 (अश्लील हरकतें) और 352 (जानबूझकर अपमानित करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

हालांकि, प्राथमिकी में शिकायतकर्ता के नाम का उल्लेख नहीं है।