Site icon Asian News Service

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: चार घायल महिलाओं को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया

Spread the love

इंदौर: छह फरवरी (ए) मध्यप्रदेश के हरदा के एक पटाखा कारखाने में मंगलवार को हुये धमाके के घायलों में शामिल चार महिलाओं को यहां के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

इंदौर से करीब 150 किलोमीटर दूर हरदा में पटाखा कारखाने में हुये विस्फोट और उसके बाद लगी आग में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी जबकि 200 अन्य घायल हो गये। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के अधीक्षक पी एस ठाकुर ने संवाददाताओं को बताया,’हरदा से लाई गई चार घायल महिलाओं को हमने अस्पताल में भर्ती किया है। इनमें से तीन महिलाएं एक ही परिवार की हैं।’’

उन्होंने बताया कि चारों महिलाओं को विस्फोट के बाद सिर, पैरों और अन्य अंगों में चोटें आई हैं और पहली नजर में उनके शरीर पर झुलसने के निशान नहीं मिले हैं।

ठाकुर ने बताया,‘‘चारों मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। जांच के बाद उनकी सेहत के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।’’

इंदौर के जिलाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट के बाद स्थानीय प्रशासन ने 26 एम्बुलेंस और दमकल की 10 गाड़ियां हरदा के लिए रवाना की थीं।

उन्होंने बताया कि पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में घायल लोगों को भर्ती करने के लिए इंदौर के अलग-अलग अस्पतालों में करीब 70 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं और जरूरी चिकित्सा तंत्र तैयार किया गया है।

Exit mobile version