मेरठ: 11 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मेरठ के सरधना क्षेत्र से घर से बिना बताए निकले चार नाबालिग बच्चों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उत्तराखंड के ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सरधना थाना क्षेत्र के अक्खेपुर गांव निवासी तीन नाबालिग बच्चे नौ सितंबर को दोपहर करीब एक बजे बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। मामले में सरधना थाने में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घर से निकलने के बाद तीनों बच्चे भामौरी गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने गांव के करीब 14 वर्षीय एक अन्य नाबालिग बच्चे को भी अपने साथ लिया और चारों मेरठ से बाहर निकल गए। एक साथ चार बच्चों के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरधना पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। इसके अलावा एएचटीयू मेरठ की टीम को भी तलाश में लगाया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।लगातार प्रयास के बाद पुलिस को बच्चों के ऋषिकेश पहुंचने की जानकारी मिली। टीम ने जीआरपी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घूमने के उद्देश्य से घर से निकले थे। पहले हरिद्वार गए और फिर देहरादून होते हुए ऋषिकेश पहुंचे थे।पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चों के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
