Site icon Asian News Service

हाथ में बंदूक लिये सोशल मीडिया पर दोस्‍तों को दी खूनखराबे की दावत, वीडियो वायरल होते ही तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

गोरखपुर, 23 फरवरी (ए)। यूपी के गोरखपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां हाथ में पर बंदूक लेकर दोस्‍तों को खूनखराबे की दावत देने वाले लड़के ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। वीडियो में वह अपने दोस्‍तों को भटवली बाजार में बुला रहा है। सोशल मीडिया में लड़के का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। लड़के की तलाश में बांसगांव पुलिस रविवार को पूरा दिन हलकान रही। वह लड़का अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। उसके सम्पर्क में रहने वाले दो लड़कों को उठाकर पुलिस ने पूछताछ की। उनसे लड़के की पहचान होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। फिलहाल वह अपने घर से फरार है। 
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़का अपने हाथ में बंदूक लेकर अपने मित्रों को रविवार की सुबह 10 बजे बांसगांव थाना क्षेत्र के भटवली बाजार पहुंचने को कह रहा है। इस वीडियो की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आई। उधर, बताते हैं कि वह लड़का अपने एक दर्जन बाइक सवार दोस्‍तों के साथ रविवार की सुबह नौ बजे भटवली बाजार पहुंच गया। खुद का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही किसी बड़ी वारदात के अंदेशे में पुलिस मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने धनईपुर गांव के दो लड़कों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ में वीडियो वायरल करने वाले लड़के की पहचान हुई। पता चला कि वह गीडा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। लड़के की धनईपुर गांव में और उरूवा थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा में मौसियान है। गुलरिहा में उसके रिश्तेदारी के गांव के एक व्यक्ति से उसका विवाद चल रहा है। उसी व्यक्ति को सबक सिखाने के लिए वह अपने दोस्‍तों को भटवली बाजार में इकट्ठा कर रहा था। पुलिस ने लड़के की तलाश शुरू कर दी है। 

Exit mobile version