गिरोह का भंडाफोड़: 5 करोड़ के नकली नोट जब्त, 8 लोग गिरफ्तार

बालाघाट मध्य प्रदेश
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

बालाघाट,27 जून (ए)। मध्यप्रदेश के बालाघाट में नकली नोट की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 करोड़ से ज्यादा के नकली नोट मिले हैं। इनमें 10 से लेकर 2 हजार रुपए के नोट हैं। यह गिरोह बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया में नकली नोट चला रहा था। पकड़े गए आरोपियों में 6 बालाघाट और 2 महाराष्ट्र के गोंदिया के हैं। पुलिस को नक्सली कनेक्शन की भी आशंका है। मध्यप्रदेश में संभवत: पहली बार नकली नोट की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। बालाघाट के एसपी अभिषेक तिवारी ने रविवार को बताया कि बैहर और बालाघाट नकली नोटों को खपाने की सूचना लगातार मिल रही थी। दो दिनों तक बैहर पुलिस के साथ ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें बालाघाट के छह आरोपियों को 8 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से नकली नोट की सप्लाई होने की बात कही। इसके बाद बालाघाट पुलिस ने गोंदिया पुलिस की मदद से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से नकली नोट की सप्लाई कहां से, कब से कर रहे हैं, जैसे तमाम बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।

FacebookTwitterWhatsapp