चंदौली में अवैध रूप से ले जाया जा रहा करोड़ों रुपये का सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश चंदौली
Spread the love

चंदौली (उप्र): नौ सितंबर (ए) चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थानीय पुलिस और विशेष कार्य बल (एसओजी) की टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन करोड़ 92 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) नामेन्द्र रावत ने बताया कि तस्करों की पहचान मुबारक शेख (45) और मनीष कुमार (38) के रूप में हुई है जिन्हें मंगलवार देर रात नवही पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से सोना बरामद किया गया।

चंदौली सदर कोतवाली के प्रभारी बिंदेश्वरी पांडेय के मुताबिक, बरामद सोने को सफेद रंग की कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए एक बक्से में छिपाकर बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से दो किलो 565.72 ग्राम सोना बरामद हुआ। कार सवार लोगों से सोने से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पांडेय ने बताया कि बरामद सोने की कीमत तीन करोड़ 92 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सोने की बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों को दे दी गई है।

पांडेय ने बताया कि बरामद सोना संबंधित विभाग को सौंपने के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है