भूमि विवाद को लेकर सरकारी अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या

झारखण्ड रामगढ़
Spread the love

रामगढ़: 30 जून (ए)) झारखंड के रामगढ़ जिले में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर 53 वर्षीय एक सरकारी अधिकारी की उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले में उप पंजीयक के पद पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि यह घटना मांडू थाना क्षेत्र के बलसागरा गांव में हुई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने  बताया, ‘पटेल का कुछ लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा था। मंगलवार को वह विवादित भूखंड पर पहुंचे, जहां निर्माण सामग्री जमा की गई थी। इसके बाद वहां बहस शुरू हो गई, जिसके बाद उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।’अधिकारी ने बताया कि उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल से लाठी-डंडे और पत्थर बरामद किए हैं, जिनके बारे में आशंका है कि इनका इस्तेमाल हमले में किया गया था। एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।