रायपुर, 22 नवंबर (ए) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राज्य माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की एक सहायक आयुक्त और एक कथित बिचौलिये को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को एसीबी की जगदलपुर इकाई ने जाल बिछाकर सहायक आयुक्त अंचला गिरि को उनके आवास से पकड़ा। उनकी ओर से यह रकम एक बिचौलिये, इमरान मेमन (30) ने कथित तौर पर प्राप्त की थी।
यह कार्रवाई कांकेर के रहने वाले शोएब रंगरेज की शिकायत पर की गई। उन्होंने आरोप लगाया था कि ई-वे बिल से जुड़ी समस्या के कारण जब्त किए गए उनके वाहन को छोड़ने और इस मामले में राहत देने के लिए गिरि ने 1.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया था, जिसके बाद ब्यूरो ने शिकायत की पुष्टि की और एक जाल बिछाया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद, इस संदेह पर कि गिरि ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों के अनुपात से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है, ब्यूरो ने उनके आवास पर तलाशी ली। इस दौरान दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि गिरि और मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं, और आय से अधिक संपत्ति के संदेह से जुड़ी कानूनी कार्यवाही भी शुरू की जा रही है।
