न्यूयॉर्क, 23 अगस्त (ए) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने न्यूयॉर्क में उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों और प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान गुजरात तथा अमेरिका के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई।
बुधवार को वॉशिंगटन से न्यूयॉर्क पहुंचे पटेल ने न्यूजर्सी में उद्योग प्रतिनिधियों, कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी के रत्न एवं आभूषण क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ पटेल की बैठक हुई।
दूतावास ने कहा कि सौराष्ट्र डायमंड एसोसिएशन समेत अन्य प्रतिभागियों ने “व्यापार और निवेश के विस्तार के अवसरों के साथ-साथ क्षेत्र के विकास और भारत-अमेरिका के बीच मजबूत कारोबारी संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।”
न्यूजर्सी में युवा उद्यमियों और कारोबारी जगत की हस्तियों के साथ भी एक बैठक हुई। इसमें एडिसन के मेयर सैम जोशी और पार्सिपनी-ट्रॉय हिल्स के मेयर पुलकित देसाई ने पटेल से मुलाकात की।
दूतावास ने कहा, “गुजरात और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश और उद्यमिता संबंधों को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा कारोबारियों ने भाग लिया।”
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में संस्थागत निवेशकों, वित्तीय संस्थानों और विनिर्माण क्षेत्र के दिग्गजों के साथ पटेल की एक विशेष बैठक भी आयोजित कराई।
